आम आदमी पार्टी व पंजाब के सीएम भगवंत मान पर भारत को विश्व में शर्मसार करने का आरोप लग रहा है। उन पर आरोप है कि जर्मनी यात्रा के दौरान उन्होंने इतनी अधिक शराब पी रखी थी कि फ्लाइट को उड़ान भरने में एक नहीं, कई घण्टों की देरी हुई। इस दौरान वे नशे में इतने धुत थे कि फ्रेंकफर्ट में लुफ्थांसा के विमान से उन्हें उतार दिया गया। जो दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था। बता दें कि भगवंत मान 11 से 18 सितंबर तक जर्मनी के दौरे पर थे।
अकाली दल ने आरोप लगाया, पंजाब में विपक्षी पार्टी शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भगवंत मान पर आरोप लगाया है कि उन्होंने विश्वभर में भारत और पंजाबियों को शर्मिंदा किया है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर कहा, “सह-यात्रियों के हवाले से परेशान करने वाली मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लुफ्थांसा की फ्लाइट से इसलिए उतारा गया क्योंकि उन्होंने इतनी शराब पी रखी थी कि चल भी नहीं पा रहे थे और उड़ान में चार घंटे की देरी हुई। वह आप के राष्ट्रीय अधिवेशन में नहीं जा पाए। इन खबरों ने शर्मसार किया है और दुनियाभर के पंजाबियों को शर्मिंदा किया है।”
सुखवीर बादल ने आगे कहा, “यह चौंकाने वाला है कि पंजाब सरकार अपने मुख्यमंत्री को लेकर इन रिपोर्टों पर चुप है। अरविंद केजरीवाल को मामले पर सफाई देनी चाहिए। भारत सरकार को कदम उठाना चाहिए क्योंकि इसमें पंजाबी और राष्ट्रीय गौरव शामिल है अगर उन्हें विमान से उतारा गया था तो भारत सरकार को अपने जर्मन समकक्ष के साथ इस मुद्दे को उठाना चाहिए।”
देश की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रवेश वर्मा ने सीएम भगवंत मान सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि “भगवंत मान ने केजरीवाल से वादा किया था कि वह भारत में शराब को हाथ नहीं लगाएंगे, न कि विदेश में।”
आरोप निराधार, फर्जी और झूठे हैंः आम नेता
मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने मुख्यमंत्री भगवंव मान पर लग रहे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि “आरोप निराधार, फर्जी और झूठे हैं। विपक्षी दल मुख्यमंत्री के खिलाफ अफवाह फैला रहे हैं क्योंकि वे इस तथ्य को पचा नहीं पा रहे हैं कि वह राज्य में निवेश लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।”
क्या है मामले की सच्चाई
पंजाब सीएम भगवंत मान सिंह 11 सितंबर को जर्मनी गए हुए थे। जर्मनी में मान ने म्यूनिख और फ्रेंकफर्ट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब में निवेश की मांग की। जर्मनी में उनके साथ उनकी पत्नी और सुरक्षाकर्मियों के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे।
लुफ्थांसा एयरलाइंस ने एक यूजर को जवाब देते हुए कहा कि आने वाली उड़ान में देरी और एक विमान परिवर्तन के कारण फ्रैंकफर्ट से दिल्ली के लिए हमारी उड़ान निर्धारित शेड्यूल से देरी से रवाना हुई। दरअसल, एक यूजर ने विमान कंपनी को ट्विटर पर टैग करते हुए पूछा था कि क्या एक भारतीय का नशे में होना निर्धारित उड़ान में देरी हुई। लेकिन आप को बता दें कि अभी लुफ्थांसा एयरलाइंस के तरफ से आधिकारिक बयान आना बाकी है।